-साइफन निर्माण नहीं करने पर सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में कुर्की
हनुमानगढ़। ग्राम न्यायालय श्रीगंगानगर के आदेश की पालना नहीं करने पर सोमवार को सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में कुर्की की कार्रवाई की गई। न्यायालय के निर्देशानुसार कार्यालय में रखी कुर्सी, टेबल, एसी, कंप्यूटर सहित अन्य सामान को कुर्क कर लिया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम न्यायालय श्रीगंगानगर में हरचंद बिश्नोई बनाम जिला कलेक्टर प्रकरण विचाराधीन है। इस मामले में न्यायालय ने सिंचाई विभाग को साइफन निर्माण कराने के आदेश दिए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि में साइफन का निर्माण नहीं किया गया। आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की के निर्देश जारी किए। न्यायालय के आदेशों की पालना में सोमवार को कोर्ट के नाजिर सुधीर जोशी की मौजूदगी में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में कार्रवाई की गई। इस दौरान कार्यालय में मौजूद फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक सामान को कुर्क कर लिया गया। कार्रवाई के तहत मुख्य अभियंता प्रदीप रूस्तगी के कार्यालय से कुर्सी, टेबल, एसी और कंप्यूटर सहित अन्य सामग्री को कुर्क किया गया। कोर्ट की इस कार्रवाई के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों में हलचल मच गई। उल्लेखनीय है कि न्यायालय के आदेशों की पालना नहीं करने के चलते यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
