– विरोध करने पर परिवार से मारपीट, ईंट-पत्थर फेंकने से महिला के चोट लगने की शिकायत
हनुमानगढ़। चक 1 केकेडब्ल्यू रोही नवां में कृषि भूमि पर खेजड़ी के पेड़ के नीचे बने चबूतरे को तोड़ने, धार्मिक सामग्री हटाने और आग लगाने का आरोप लगाते हुए इस्लाम मोहम्मद ने गुरुवार को जंक्शन पुलिस थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में इस्लाम मोहम्मद पुत्र नूर मजीद निवासी चक 1 केकेडब्ल्यू ढाणी रोही नवां ने बताया कि उसकी कृषि भूमि में खेजड़ी का हरा पेड़ खड़ा है, जिसे कुछ लोग धार्मिक आस्था का प्रतीक मानकर पूजते हैं। पेड़ के नीचे पक्का चबूतरा बना हुआ था तथा खेजड़ी पर लाल कपड़ा लपेटा जाता था और नारियल व झाड़ू आदि चढ़ाए जाते थे। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे इस पर कोई आपत्ति नहीं थी। शिकायत के मुताबिक गुरुवार, 1 अक्टूबर की सुबह वह अपने पुत्र आरिफ के साथ कृषि भूमि पर गया तो खेजड़ी के नीचे बना चबूतरा टूटा हुआ मिला। चबूतरे की ईंटें गायब थीं तथा उस पर लिपटा लाल कपड़ा, नारियल और झाड़ू भी मौके पर नहीं थे। इस संबंध में जानकारी करने पर शिकायतकर्ता का भाई अकबर अली मिला। अकबर अली ने बताया कि उसने उस्मान के दोनों पुत्रों जावेद और उमेद के साथ मिलकर चबूतरा तोड़ा है तथा कपड़ा फाड़कर फेंक दिया और आग भी उन्होंने ही लगाई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अकबर अली मौके पर खेजड़ी के पेड़ को भी उखाड़ने लगा। इस पर इस्लाम मोहम्मद, उसके पुत्र और पत्नी ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद अकबर अली ने उनके साथ कृषि भूमि में घुसकर झगड़ा किया और पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया। वहां ईंट-पत्थर फेंके जाने से शिकायतकर्ता की पत्नी के शरीर पर चोट लगने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि आरोपी मौका मिलते ही खेजड़ी के पेड़ को उखाड़ सकते हैं, जिससे दोबारा विवाद और झगड़ा होने की स्थिति बन सकती है। इस्लाम मोहम्मद ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
