हनुमानगढ़। गांव रोड़ांवाली क्षेत्र में खेत में खड़ी गन्ने की फसल में आग लगाकर नुकसान पहुंचाने के आरोप में जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 8, चक 4 आरआरडब्ल्यू, ग्राम पंचायत रोड़ांवाली निवासी 65 वर्षीय गौरीशंकर पुत्र देवीदान जाट ने रिपोर्ट दी कि उसकी कृषि भूमि 4 आरआरडब्ल्यू, रोड़ांवाली में स्थित है, जहां वह पिछले करीब 50 वर्षांे से खेती कर रहा है। परिवादी ने बताया कि उसने अपनी पैतृक जमीन की दो बीघा एक कनाल भूमि में गन्ने की फसल बो रखी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि गौरीशंकर का कुलदीप डोटासरा पुत्र रामनिवास डोटासरा निवासी रोड़ांवाली के साथ सात बीघा साझी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि उक्त जमीन को लेकर कुलदीप डोटासरा रंजिश रखता है और पूर्व में भी कई बार विवाद व झगड़ा हो चुका है। परिवादी के अनुसार 9 मई को शाम करीब साढ़े चार बजे कुलदीप डोटासरा उसके खेत में आया और करीब पांच बजे गन्ने की खड़ी फसल में आग लगा दी, जिससे पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर जब गौरीशंकर खेत में पहुंचा तो आरोपी मौके पर खड़ा मिला। आरोप है कि उसने गाली-गलौच करते हुए झगड़ा भी किया। पुलिस ने आरोपी कुलदीप डोटासरा के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई निक्कूराम को सौंपी है।
