हनुमानगढ़। महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलियम यूनिट, जिला हनुमानगढ़ की टीम द्वारा शनिवार को गुरुकृपा एकेडमी, हनुमानगढ़ टाउन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान टीम सदस्यों कृष्णा , सुमनबाला और सुनीता ने छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान टीम ने छात्राओं को राजकोप सिटीजन ऐप के बारे में बताते हुए उन्हें अपने मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड करवाया और इसके उपयोग के बारे में समझाया। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से आम नागरिक पुलिस से संबंधित कई सेवाओं का लाभ आसानी से ले सकते हैं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के बारे में भी छात्राओं को जागरूक किया गया। टीम ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, बच्चों की सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी भी विस्तार से दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के बारे में भी जानकारी दी गई और उन्हें बताया गया कि बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों के खिलाफ यह कानून किस प्रकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों और पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़ी जानकारी को उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों को समाज के लिए बेहद आवश्यक बताया।
