ऐलनाबाद। सीआरडीएवी गर्ल्स कॉलेज में प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा के मार्गदर्शन और असिस्टेंट प्रोफेसर कवलजीत कौर के नेतृत्व में ‘डिजाइनर वॉक 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और फैशन डिज़ाइनिंग की प्रतिभा देखने को मिली। इस अवसर पर चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा के कुलगुरू प्रोफेसर विजय कुमार की धर्मपत्नी एवं विश्वविद्यालय की ‘फर्स्ट लेडी’ अनुपमा कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएम कॉलेज, फतेहाबाद की असिस्टेंट प्रोफेसर रजनी गुप्ता और प्रीत कौर ने शिरकत की।

मुख्य अतिथि अनुपमा कुमारी ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए परिधानों की सराहना करते हुए कहा कि आज की बेटियां अपनी मेहनत और कौशल से हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में नवाचार को अपनाने और अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन की ओर से चेयरमैन ईश कुमार मेहता, गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष जगदीश मेहता, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. करुण मेहता, सीआरडीएवी स्कूल के प्रिंसिपल कमल मेहता, मैनेजमेंट सदस्य सरिता मेहता, डॉली मेहता और श्वेता मेहता तथा सीआरडीएवी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ. रणजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान फैशन डिजाइनिंग की छात्राओं ने स्वयं द्वारा तैयार किए गए नेचर एथनिक गाउन, पंजाबी परिधान और वन-पीस ड्रेसेस पहनकर आकर्षक रैंप वॉक प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा ने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें। कॉलेज प्रबंधन के चेयरमैन ईश कुमार मेहता ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। वहीं डॉली मेहता ने कहा कि डिजाइनिंग केवल कला नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अपनी पहचान को व्यक्त करने का माध्यम है।

कार्यक्रम में सीआरडीएवी गर्ल्स कॉलेज की 75 से अधिक छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि दसमेश गर्ल्स कॉलेज (बादल), गुरु नानक देव खालसा गर्ल्स कॉलेज (बठिंडा) और माता हरकी देवी कॉलेज (ओढ़ां) से भी 30 से अधिक छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. मंजू मेहता (गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज, सिरसा) और डॉ. चनप्रीत कौर (यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज) ने निभाई। प्रतियोगिता में नवदीप कौर (बीए प्रथम वर्ष), निशा (बीए द्वितीय वर्ष) और जसनप्रीत (बीए फाइनल ईयर) ने अपनी-अपनी श्रेणियों में ‘स्टार डिजाइनर’ का खिताब हासिल किया।

वहीं गगनदीप कौर (बीए प्रथम वर्ष) को ‘ग्रेसफुल वॉक 2026’, प्रिया (बीए फाइनल ईयर) को ‘ट्रेंड ऑफ सीआरडीएवी 2026’ और रजनी (बीए फाइनल ईयर) को ‘ग्लैमर 2026’ का खिताब दिया गया। विशेष अतिथि कॉलेज के रूप में दसमेश गर्ल्स कॉलेज, बादल की अंकिता ने ‘ग्रेसफुल वॉक’ में अपनी छाप छोड़ी। इसके अलावा वैम्पायर कैटेगरी में दसमेश कॉलेज बादल की सगनदीप और गुरनूर कौर ने खिताब जीता, जबकि कोमलप्रीत को ‘स्टार डिजाइनर’ के खिताब से नवाजा गया। कार्यक्रम का मंच संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर दीपशिखा ने किया। कार्यक्रम की सफलता में कॉलेज के सभी स्टाफ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में मुख्य अतिथि अनुपमा कुमारी और कॉलेज प्रबंधन ने सभी विजेता छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवाददाता- रमेश भार्गव
