हनुमानगढ़। डिजिटल लेन-देन के बढ़ते चलन के साथ साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। यह बात यूको बैंक, टाउन के शाखा प्रबंधक संदीप कुमार ने गुरुवार को नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर के निर्देशानुसार नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय और यूको बैंक के तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत ‘सुरक्षित डिजिटल जीवन एवं साइबर अपराध से बचावÓ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूको बैंक, टाउन के शाखा प्रबंधक संदीप कुमार मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक प्रबंधक पंकज कंबोज और ग्राहक सेवा सहयोगी श्योप्रकाश ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि सहायक प्रबंधक पंकज कंबोज ने केन्द्रीय सतर्कता आयोग की ओर से भ्रष्टाचार के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सीताराम ने बताया कि अगस्त से नवंबर तक चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन बढ़ने के साथ साइबर अपराधों के नए-नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से जागरूक रहने, लालच से बचने और मोबाइल सहित डिजिटल उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने का आह्वान किया। कार्यशाला के समापन के बाद यूको बैंक की ओर से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में ध्रुवराज गोदारा, अजय पाल गुर्जर और योगेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। नवदीप कौर और अमर सिंह संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि रोहित शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन विधिक सेवा क्लीनिक के प्रभारी एवं सहायक आचार्य डॉ. बृजेश अग्रवाल ने किया।
