हनुमानगढ़। गोलूवाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए एक युवक को मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6.46 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गोलूवाला थाना अधीन कैंचियां चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक लालबहादुर चन्द्र मय टीम गश्त पर थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर वार्ड नंबर 12, गोलूवाला सिहागान निवासी नूर मोहम्मद उर्फ धोलू (28) पुत्र रहमत अली मिरासी को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.46 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गोलूवाला पुलिस थाना में मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना के उपनिरीक्षक मोहर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस टीम में कैंचियां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक लालबहादुर चन्द्र, कांस्टेबल विक्रमजीत सिंह, राजेश कुमार और युधिष्टर कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल राजेश कुमार की विशेष भूमिका रही।
