हनुमानगढ़/घड़साना। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बीकानेर की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए घड़साना पुलिस थाने में तैनात एसआई रामेश्वर लाल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसआई पर जमीनी विवाद से जुड़े मामले में एफआर लगाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में दर्ज एक जमीनी विवाद के मामले में जांच अधिकारी एसआई रामेश्वर लाल एफआर लगाने के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत के अनुसार बाद में दोनों पक्षों के बीच 20 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया। सत्यापन सही पाए जाने पर सोमवार को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान एसआई रामेश्वर लाल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एएसपी विनोद कुमार के अनुसार संबंधित मामला घड़साना थाने में वर्ष 2025 में जमीनी विवाद को लेकर दर्ज हुआ था, जिसकी जांच एसआई रामेश्वर लाल कर रहे थे। परिवादी ने आरोप लगाया था कि मामले में न्यायालय का स्टे आदेश होने के बावजूद एसआई उसे लगातार परेशान कर रहे थे और एफआर लगाने के लिए रिश्वत की मांग कर रहे थे। एसीबी टीम फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी जारी है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।
