हनुमानगढ़। फाल्गुनी उमंग और लोक संस्कृति की रंगत के बीच शुक्रवार रात्रि शहर भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। श्री इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर धमाल मंडली की ओर से जंक्शन में बाबा भैरोनाथ मंदिर के बाहर पारंपरिक चंग-धमाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं और शहरवासियों को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर परिसर में 101 दीपकों से सजी आरती के साथ हुआ। दीपों की जगमगाहट और भक्तिमय वातावरण के बीच बाबा भैरोनाथ से शहर की सुख-समृद्धि, अमन-चैन और खुशहाली की कामना की गई। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इसके उपरांत शुरू हुए चंग-धमाल ने पूरे माहौल को लोक रंग में रंग दिया। चंग की थाप, ढोल की गूंज और पारंपरिक फाग गीतों की स्वर लहरियों ने उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े और देर रात तक उत्सव का आनंद लेते रहे। मंडली के सदस्य अशोक व्यास ने बताया कि दो मार्च को रेलवे स्टेशन के बाहर आधुनिक शैली में विशेष चंग-धमाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में फूलों की होली खेली जाएगी तथा राधा-कृष्ण और भोलेनाथ की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। साथ ही कवि और कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। उन्होंने कहा कि चंग-धमाल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोक परंपराओं को जीवंत रखने का सशक्त प्रयास है। बदलते दौर में लुप्त होती लोक संस्कृति को संरक्षित करने, युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने और शहर में शांति व सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से हर वर्ष यह आयोजन किया जाता है।
