चूरू। जिले के जुहारपुरा गांव में गुरुवार सुबह खेत में काम कर रहे मजदूरों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में 3 साल के मासूम सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को निजी वाहन से तुरंत डीबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार गांव के एक खेत में मजदूर इसबगोल की फसल की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान खेत में ही चूल्हे पर चाय बनाई जा रही थी। चाय के धुएं के कारण पास में मौजूद मधुमक्खियों का झुंड अचानक उत्तेजित हो गया और उन्होंने खेत में काम कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। हमले के समय एक महिला मजदूर का तीन वर्षीय बेटा लक्ष्य खेत में चारपाई पर सो रहा था। मधुमक्खियों ने सबसे पहले उसी पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर पास में काम कर रही तीन महिलाएं उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन मधुमक्खियों ने उन पर भी हमला कर दिया। देखते ही देखते चारों लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने घायलों को बचाने के लिए उन्हें खेत में पड़े तिरपाल से ढक दिया, ताकि मधुमक्खियों से बचाया जा सके। हालांकि मधुमक्खियों का झुंड कुछ देर तक उनके आसपास मंडराता रहा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर घायलों को तुरंत निजी वाहन से चूरू के डीबी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना में जुहारपुरा निवासी 35 वर्षीय अनिता, 32 वर्षीय राजूदेवी, 30 वर्षीय मंजू और 3 वर्षीय लक्ष्य घायल हुए हैं। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार मासूम लक्ष्य की हालत हल्की गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य तीनों महिलाओं की स्थिति फिलहाल सामान्य है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और खेतों में काम कर रहे मजदूरों में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
