– स्वास्थ्यकर्मियों ने सरकारी विद्यालयों में जागरूकता अभियान किए आयोजित
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस क्रम में जिले के समस्त खण्ड स्तर पर संचालित सरकारी विद्यालयों में बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन के संबंध में जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के समस्त खण्ड स्तर पर संचालित सरकारी विद्यालयों में छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के संबंध में जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) में विकसित होने वाला गंभीर रोग है, जिससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन अत्यंत प्रभावी और आवश्यक है।

जागरूकता सत्र के दौरान छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, इसके कारणों तथा बचाव के उपायों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरल संक्रमण है, जो प्रजनन मार्ग को प्रभावित करता है और इसके कुछ प्रकार सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकते हैं। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को टीकाकरण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें यह भी समझाया गया कि समय पर टीकाकरण करवाना भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी उपाय है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालयों के माध्यम से भी लगातार संपर्क कर छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इस अभियान से जुड़ सकें।
