हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के वार्ड नंबर 52, सुरेशिया क्षेत्र के वार्डवासियों ने बिजली की समस्या से परेशान होकर मंगलवार को विद्युत विभाग के खिलाफ आवाज उठाई और जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में एईएन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में लगा 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर पुराना और क्षतिग्रस्त हो चुका है। उस पर अत्यधिक लोड होने के कारण लगातार लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है और बार-बार फ्यूज उड़ने से घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा वार्ड में दो बिजली के पोल भी टूटे हुए हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्डवासियों ने मांग की कि मौजूदा 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर की जगह 160 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाए और टूटे हुए पोलों को जल्द से जल्द बदला जाए, ताकि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान रामचन्द्र चौधरी, बाबूलाल, मुंशीराम, बब्बूराम, तिलोक गजरा, सुरेश कुमार, राजवीर ढिल्लों, खुशी अमलानी, सन्नी पंडित, सतीश कुमार, रमेश कुमार, रिंकू, बंशी खन्ना, जरनैल सिंह मौजूद रहे।
