-शराब और झगड़े ने ली जान: 16 साल के बेटे ने पिता को चाकू मारकर किया कत्ल
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां 16 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना सोमवार रात बरेला थाना क्षेत्र के कोसमघाट इलाके की है। बताया जा रहा है कि पिता ने बेटे को देर रात बाहर जाने से रोका था, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और गुस्से में आकर बेटे ने पिता के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कोल (40) के रूप में हुई है, जो मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार शाम वह काम से घर लौटा था और कुछ देर घर पर रहने के बाद फिर बाहर चला गया। रात में शराब पीकर वापस आने पर उसका 16 वर्षीय बेटा घर के सामने खड़ा मिला। रमेश ने बेटे से पूछा कि वह इतनी रात में कहां जा रहा है और उसे घर के अंदर चलकर खाना खाने को कहा। इस दौरान बेटा घर से बाहर जाने लगा तो रमेश ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर रमेश ने बेटे से कहा—“क्या करेगा, मारेगा क्या?” यह सुनकर नाबालिग गुस्से में आ गया और पास में रखा चाकू उठाकर पिता के सीने में घोंप दिया। घटना के वक्त घर में मौजूद रमेश की पत्नी ने बताया कि वह कमरे में थी और बाहर पिता-पुत्र के बीच बहस हो रही थी। शुरुआत में उसे लगा कि दोनों के बीच सामान्य झगड़ा है, लेकिन अचानक पति की चीख सुनकर वह बाहर आई तो रमेश जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। तुरंत पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत गंभीर हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पड़ोस में रहने वाली रंजो बाई ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। सप्ताह में चार से पांच दिन दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो जाता था। हालांकि किसी को अंदेशा नहीं था कि यह विवाद इतनी बड़ी घटना में बदल जाएगा। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसका पिता अक्सर शराब पीकर घर आता था और गाली-गलौच करता था। इसी वजह से वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था और रोज-रोज के विवाद से तंग आकर उसने यह कदम उठा लिया। बरेला थाना प्रभारी शुभम सिंह ने बताया कि आरोपी नाबालिग को मंगलवार को बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सिवनी के बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
