-मर्सिडीज की टक्कर से जोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत, आरोपी ड्राइवर मौके से फरार
दिल्ली। फरीदाबाद शहर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक लग्जरी मर्सिडीज कार ने जोमैटो के डिलीवरी बॉय को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दिल्ली के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय आनंद राज बिंद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद के गांव भतौला में चंदीला चौक के पास किराए के मकान में रहकर जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करता था। जानकारी के अनुसार 29 मार्च की रात करीब 2 बजे आनंद राज अपनी बाइक से सेक्टर-15 स्थित फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने ट्रैफिक सिग्नल के पास खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की मर्सिडीज कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंद राज बाइक सहित कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के भाई के अनुसार जब उन्हें हादसे की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे। उस समय आनंद राज सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। टक्कर मारने वाली मर्सिडीज कार थोड़ी दूरी पर खड़ी थी। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्होंने एक निजी वाहन के जरिए आनंद राज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उसे भर्ती नहीं किया गया। फिर सुबह करीब 4 बजे उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि वहां सुबह 6 बजे उन्हें बताया गया कि सिटी स्कैन मशीन चालू नहीं है। मजबूरन उन्हें आनंद राज को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मर्सिडीज कार का ड्राइवर मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने कार को मौके से कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है। सेंट्रल थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे के समय मर्सिडीज कार एयरपोर्ट से किसी को लेने जा रही थी। कार का रजिस्ट्रेशन एक कंपनी के नाम पर है और घटना के समय उसमें केवल ड्राइवर ही मौजूद था। पुलिस अब कार के रजिस्ट्रेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार ड्राइवर की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
