हनुमानगढ़। जयपुर में यूजीसी रोल बैंक की मांग को लेकर हुए आंदोलन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज की घटना को लेकर श्री क्षत्रिय राजपूत समाज मंच ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि यूजीसी रोल बैंक की मांग को लेकर सवर्ण समाज का आंदोलन पिछले कई महीनों से देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। इसी क्रम में 3 अगस्त को जयपुर में जिला प्रशासन को पूर्व सूचना देकर शांतिपूर्ण ज्ञापन देने का कार्यक्रम रखा गया था। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में देशनोक स्थित करणी माता मंदिर से हजारों महिला-पुरुष, युवा, वरिष्ठ नागरिक और बच्चे पैदल यात्रा कर जयपुर पहुंचे थे। पूर्व सूचना के बावजूद पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह बैरिकेड लगाकर आंदोलनकारियों को रोका तथा बाद में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और पानी की बौछारें की गईं। इस दौरान अनेक महिला, पुरुष और बच्चे घायल हुए तथा क्षत्रिय समाज के देवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। समाज ने मांग की कि लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही देवराज सिंह की मृत्यु की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कर दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाए। इसके अलावा आंदोलन में घायल हुए लोगों को उचित मुआवजा और निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा यूजीसी रोल बैंक की मांग पर केन्द्र और राज्य सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की भी मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सात दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सवर्ण समाज व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस मौके पर धन्नेसिंह राठौड़, हर्षवर्धन सिंह, पदमसिंह, शक्तिसिंह, प्रदीप सिंह परमार, विजय शर्मा, अमित सिंह, जोधासिंह, लोकेश सिंह, संदीप सिंह, नरेन्द्र राठौड़, हेमसिंह, जयपाल कड़ेला, रमेश शर्मा, महेश शर्मा, अल्ताफ मोहम्मद, अमनदीप, चन्द्रप्रकाश शर्मा, हेमलता खिच्ची, उदयसिंह, हनमान भाटी, मानवीर शेखावत, अरविंद शर्मा, वीरेंद्र गांधी, विनोद गोस्वामी, प्रभात कौशिक, अनमोल नंदा सहित कई नागरिक मौजूद थे।
