-गेहूं खरीद की तुलाई के दौरान वजन कम बताने का मामला
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र के चक 9 एसएसडब्लू स्थित फैक्ट्री के धर्मकांटे पर गेहूं खरीद की तुलाई में वजन कम बताने को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच पूरी होने तक संबंधित गोदाम और धर्मकांटा सीज कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार देर रात मंडी अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की। इससे पहले देर शाम प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और किसानों की पीड़ा सुनी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद देर रात यह निर्णय लिया गया। कार्रवाई के दौरान कृषि विपणन विभाग के क्षेत्रीय उपनिदेशक विष्णु शर्मा, कृषि उपज मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा और जिला रसद अधिकारी सुनील घोड़ेला मौके पर मौजूद रहे।

गौरतलब है कि बुधवार को किसानों ने आरोप लगाया कि वे पहले अन्य स्थानों पर गेहूं का वजन करवा चुके थे, लेकिन जब वे चक 9 एसएसडब्लू स्थित फैक्ट्री के धर्मकांटे पर पहुंचे तो 60 किलो से लेकर 1.5 क्विंटल तक वजन कम बताया गया। सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष रेशमसिंह मानुका के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान मौके पर एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि वे पहले भी वजन में अंतर को लेकर मंडी समिति सचिव को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार भारी हेराफेरी के आरोपों से आक्रोशित किसानों ने फैक्ट्री के बाहर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि तुलाई में गड़बड़ी का यह सिलसिला लंबे समय से जारी है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। देर रात अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में सहमति बनने के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
