हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के सिलवाला खुर्द गांव में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक और उसके दोस्त पर गंडासी से हमला करने का मामला सामने आया है। टिब्बी थाना पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सिलवाला खुर्द के वार्ड नंबर 11 निवासी 18 वर्षीय राजेश पुत्र महावीर नायक ने रिपोर्ट में बताया कि 8 सितंबर की शाम करीब 5 से 6 बजे वह अपने दोस्त जितेंद्र के साथ गली में खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान संदीप पुत्र जसवंत नायक वहां आया और दोनों को गालियां देने लगा। इस बात को लेकर उनकी संदीप से कहासुनी हो गई। रात करीब 10.30 से 11 बजे गांव में मालाराम शर्मा के घर गोगाजी का जागरण चल रहा था, जहां राजेश और जितेंद्र जागरण सुनने गए थे। आरोप है कि संदीप ने दोनों को गली में बुलाया, जहां उसका पिता जसवंत पहले से खड़ा था। राजेश के अनुसार जसवंत ने वहां आते ही उस पर गंडासी से वार कर दिया, जो उसके हाथ की हथेली में लगा और खून निकलने लगा। जितेंद्र बीच-बचाव करने आया तो जसवंत ने उसके हाथ पर भी गंडासी से वार कर दिया। शोर सुनकर रामकुमार और सुखवीर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को छुड़ाया। घायल राजेश को टिब्बी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हनुमानगढ़ रेफर किया गया। उपचार के बाद उसने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। पुलिस ने राजेश की रिपोर्ट और चोटों के आधार पर संदीप व उसके पिता जसवंत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक शिवनारायण को सौंपी गई है।
