हनुमानगढ़। व्यापारी गोपाल चन्द जिन्दल, वेदप्रकाश जिन्दल और नरेन्द्र जिन्दल की ओर से अपने दिवंगत दादा-दादी और पिता की स्मृति में जंक्शन धानमंडी परिसर में एक नंबर गेट के पास नए प्याऊ का निर्माण करवाया गया है। बुधवार को विधायक गणेश राज बंसल एवं दानदाता परिवार की शिमला देवी जिन्दल ने विधिवत रूप से प्याऊ का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। प्याऊ के पुनर्निर्माण पर करीब पांच से सवा पांच लाख रुपए की लागत आई है।

प्याऊ के रख-रखाव की जिम्मेदारी व्यापार मंडल की ओर से निभाई जाएगी। इस मौके पर व्यापारी प्यारेलाल बंसल ने बताया कि धानमंडी परिसर में पूर्व में व्यापार मंडल की ओर से प्याऊ का निर्माण करवाया गया था, लेकिन लंबे समय से जर्जर अवस्था में होने के कारण इसका समुचित लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा था। प्याऊ के पुनर्निर्माण को लेकर व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई थी।

बैठक में प्रभुदयाल जगदीश राय फर्म के गोपाल चन्द जिन्दल ने कहा था कि यदि व्यापार मंडल प्याऊ के पुनर्निर्माण में असमर्थ है तो वे अपने स्तर पर इसका पुनर्निर्माण करवाने के लिए तैयार हैं। इसके बाद बैठक में तय किया गया कि गोपाल चन्द जिन्दल की ओर से प्याऊ का पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। इसी निर्णय के तहत जिन्दल परिवार ने प्याऊ का पुनर्निर्माण करवाया। प्यारेलाल बंसल ने बताया कि प्याऊ जर्जर होने के कारण धानमंडी में ठंडे पानी की उचित व्यवस्था नहीं थी। गर्मी के मौसम में व्यापारियों, किसानों और मजदूरों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था।

अब नए प्याऊ के निर्माण के साथ दो हजार लीटर क्षमता का चिलिंग प्लांट भी लगाया गया है, जिससे मंडी में आने वाले लोगों को ठंडे पानी की सुविधा मिल सकेगी। प्याऊ के लोकार्पण मौके पर शिंकू गर्ग, सतपाल दामड़ी सहित धानमंडी परिसर के अनेक व्यापारी मौजूद रहे। दानदाता परिवार की ओर से किए गए इस कार्य की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
