हनुमानगढ़। जिला चिकित्सालय के नाम से सोशल मीडिया पर संचालित की जा रही कथित फर्जी फेसबुक आईडी को लेकर जिला डेंटल एसोसिएशन के बैनर तले दंत चिकित्सकों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसोसिएशन का आरोप है कि इस आईडी के माध्यम से जिला अस्पताल और डॉ. पवन जैन के संबंध में पोस्ट एवं टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं, जिनसे उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने बताया कि जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने 3 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर जिला चिकित्सालय के नाम से अज्ञात व्यक्ति की ओर से फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने की जानकारी दी थी। पत्र में इस आईडी के माध्यम से अस्पताल और डॉ. पवन जैन के संबंध में पोस्ट एवं भ्रामक बातें प्रसारित किए जाने का उल्लेख करते हुए उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया गया था। एसोसिएशन ने कहा कि किसी सोशल मीडिया आईडी पर अस्पताल का नाम या फोटो लगा होने मात्र से वह अधिकृत आईडी नहीं हो जाती। एसोसिएशन ने डॉ. पवन जैन की करीब 25 वर्षांे की चिकित्सा एवं सामाजिक सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जरूरतमंद और गरीब मरीजों की सहायता के साथ कई लोगों का निशुल्क उपचार भी किया है। एसोसिएशन ने उनके स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में वे राष्ट्रीय मौखिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनओएचपी) के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में सेवाएं दे रहे हैं। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि फर्जी आईडी के पीछे छिपकर डॉ. पवन जैन की वर्षांे की सेवा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने एसपी से आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति तथा उस पर भ्रामक टिप्पणियां करने वालों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कानूनी कार्रवाई करने और कथित फर्जी फेसबुक आईडी को बंद करवाने की मांग की।
