हनुमानगढ़। नोहर थाना पुलिस ने चक्रव्यूह ऑपरेशन के तहत कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 900 टैपेंटाडोल टैबलेट, 1395 प्रेगाबलिन कैप्सूल और बिक्री से प्राप्त 85270 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, नोहर थाना के सहायक उपनिरीक्षक रविन्द्र मीणा के नेतृत्व में टीम कस्बे में गश्त कर रही थी। शाम करीब 3.55 बजे टैगोर चौक से भगत सिंह चौक के बीच एक व्यक्ति सफेद पॉलीथिन लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह पास की बंद दुकान के आगे रखे काउंटरों के पीछे छिपने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान दीन मोहम्मद (48) पुत्र यासीन खां निवासी वार्ड नंबर 32, नोहर के रूप में हुई। पुलिस ने दीन मोहम्मद के कब्जे में मौजूद सफेद पॉलीथिन की तलाशी ली तो उसमें टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड 100 एमजी की तीन पेटियां, प्रेगाबालिन 300 एमजी की चार पेटियां और 13 पत्ते मिले। जांच करने पर टैपेंटाडोल की तीन पेटियों में कुल 900 टैबलेट तथा प्रेगाबालिन की चार पेटियों और 13 अलग पत्तों में कुल 1395 कैप्सूल पाए गए। पॉलीथिन से 40270 रुपए भी मिले। इसके अलावा दीन मोहम्मद की तलाशी में लोअर की जेब से 45 हजार रुपए और एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। कुल 85270 रुपए के संबंध में पूछताछ करने पर उसने इन्हें प्रेगाबालिन कैप्सूल और टैपेंटाडोल टैबलेट की बिक्री से प्राप्त राशि बताया। पुलिस के अनुसार, दीन मोहम्मद से उक्त दवाओं को रखने के लिए लाइसेंस, परमिट अथवा चिकित्सक की पर्ची मांगी गई, लेकिन उसके पास कोई दस्तावेज नहीं था। जिला कलक्टर हनुमानगढ़ के 14 अगस्त 2026 के आदेश के तहत इन दवाओं की जिले में खुली और अनियंत्रित बिक्री प्रतिबंधित है। पुलिस ने दवाओं और बिक्री राशि को जब्त कर लिया। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत दर्ज किया गया है। दीन मोहम्मद को गिरफ्तार कर अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद को सौंपा गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक रविन्द्र मीणा, कांस्टेबल त्रिलोकाराम और रामहरि शामिल रहे।
