– 19.26 करोड़ के पुनर्विकास कार्यों का लिया जायजा, संरक्षा व यात्री सुविधाओं की समीक्षा, एफओबी विवाद सुलझाने के निर्देश
हनुमानगढ़। रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव गोविल ने हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर 19.26 करोड़ रुपये की लागत से किए गए पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट खिड़कियों तथा यात्री सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि स्टेशन का पुनर्विकास कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जबकि संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीआरएम गौरव गोविल ने सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने हनुमानगढ़ जंक्शन यार्ड में संरक्षा मानकों, ट्रैक की स्थिति तथा यार्ड प्रबंधन की भी समीक्षा की। इसके साथ ही समपार संख्या 70 का निरीक्षण कर संरक्षित रेल संचालन से जुड़े बिंदुओं पर विशेष निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भूपेश यादव, नीरज सिंह, आदित्य लेघा, विजय कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व डीआरएम ने बीकानेर से हनुमानगढ़ तक फुटप्लेट निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने गांधीनगर साइड फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी। इस पर डीआरएम ने कहा कि यदि एफओबी की एक तरफ की सीढ़ियों के उतराव को लेकर दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनती है, तो कार्य आगे नहीं बढ़ पाएगा। उन्होंने संबंधित पक्षों से जनहित में आपसी सहमति से विवाद निपटाने की अपील की। साथ ही इस मामले में राज्य सरकार से भी हस्तक्षेप का आग्रह किया गया है।
