ऐलनाबाद। जिला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना नाथूसरी चौपटा क्षेत्र की जमाल पुलिस चौकी ने गांव ढुकड़ा में हुई लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जमाल पुलिस चौकी प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव ढुकड़ा निवासी गोपीराम ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि बीती रात तीन नकाबपोश युवक उसकी ढाणी में घुस आए। आरोपियों ने गोपीराम और उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर उन्हें कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद घर की तलाशी ली गई, लेकिन कोई कीमती सामान न मिलने पर आरोपियों ने पीड़ित की पत्नी के कानों की बालियां और नाक का कोका छीन लिया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना नाथूसरी चौपटा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जमाल पुलिस चौकी की टीम ने अहम सुराग जुटाते हुए गांव बकरियांवाली से तीन संदिग्ध युवकों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र मांगेराम निवासी ढुकड़ा, मदन पुत्र दलबीर और जगदीप पुत्र परविंद्र सिंह निवासी गांव धिगतानियां के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही छीने गए सोने के आभूषणों की बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
