- बारदाने की कमी और बायोमेट्रिक दिक्कतों से गेहूं खरीद प्रभावित, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हनुमानगढ़। जिले के तलवाड़ा मंडी क्षेत्र में गुरुवार को समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद व्यवस्था में अव्यवस्थाओं के विरोध में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बारदाने की कमी और बायोमेट्रिक प्रक्रिया में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं से परेशान किसानों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मंडी में कई दिनों से खुले में पड़े गेहूं और खरीद प्रक्रिया में देरी के कारण किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली। किसानों का आरोप है कि इस बार गेहूं खरीद व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई है। मंडी में बारदाने की कमी के कारण तुलाई प्रभावित हो रही है, वहीं बायोमेट्रिक सत्यापन में तकनीकी खामियों के चलते किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई किसानों की खरीद प्रक्रिया अधूरी रह जाने से परेशानी और बढ़ गई है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि बड़ी मात्रा में गेहूं मंडी यार्ड में खुले में पड़ा हुआ है। समय पर खरीद नहीं होने से फसल खराब होने और आर्थिक नुकसान का डर बना हुआ है। तेज गर्मी के बीच किसान कई दिनों से अपनी उपज लेकर मंडी में डटे हुए हैं, लेकिन हालात में सुधार नहीं हो रहा। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर किसान नेता रेशम सिंह मानुका मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था में सुधार दिखाई नहीं दे रहा। वहीं भाजपा नेत्री गुलाब सिंवर ने भी मौके पर पहुंचकर किसानों से वार्ता की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और किसानों के बीच बातचीत भी हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद किसान धरने पर बैठ गए और चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। सड़क जाम के कारण मंडी क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। स्थिति को देखते हुए हरियाणा की ओर जाने वाले वाहनों को टिब्बी कस्बे से डायवर्ट किया गया। तलवाड़ा थाना प्रभारी जगदीश सिंह के अनुसार ऐलनाबाद मार्ग पर भी पुलिस जवान तैनात किए गए ताकि यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
