हनुमानगढ़। क्षेत्र की सावन कॉलोनी वार्ड नंबर 48 में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आने से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बन गया। अज्ञात चोर किराए के मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना को लेकर पीड़ित ने पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार सावन कॉलोनी निवासी सेलेंद्र पुत्र श्री प्रकाश जाट अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते हैं। दोनों पति-पत्नी खुराना हॉस्पिटल में कार्यरत हैं। सुबह करीब 9 बजे वे घर पर ताला लगाकर ड्यूटी के लिए निकले थे। दोपहर करीब 3 बजे जब दोनों वापस लौटे तो मकान के ताले टूटे हुए मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोर घर में रखे करीब 5 हजार रुपए नकद, लगभग एक तोला वजन के सोने के झुमके, चांदी का लॉकेट तथा चांदी की अंगूठी चोरी कर ले गए। इसके अलावा मकान के मुख्य गेट और ऊपर लगे जंगले का शीशा भी टूटा हुआ मिला। मौके पर लोहे का सरिया पड़ा मिला, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों ने उसी की मदद से ताले और जंगला तोड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पीड़ित परिवार ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। वारदात दिनदहाड़े होने से कॉलोनीवासियों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई है। पीड़ित सेलेंद्र ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में अज्ञात आरोपियों का पता लगाकर चोरी हुआ सामान बरामद करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
