हनुमानगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार अजमेर रीजन का कुल पास प्रतिशत 86.78 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वहीं, अजमेर रीजन से अलग हुए गुजरात रीजन ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए देशभर में 7वां स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अजमेर रीजन का परिणाम कमजोर रहा। वर्ष 2025 में अजमेर रीजन का पास प्रतिशत 90.40 प्रतिशत था, जबकि इस बार इसमें गिरावट दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि 10वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजों में भी राजस्थान, गुजरात से पीछे रहा था। इस वर्ष राजस्थान से कुल 88,118 विद्यार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा दी थी। इनमें 50,354 छात्र और 37,564 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा परिणाम में 42,427 छात्र और 34,042 छात्राएं सफल रहीं। छात्रों का पास प्रतिशत 84.26 प्रतिशत जबकि छात्राओं का पास प्रतिशत 90.14 प्रतिशत रहा। एक बार फिर छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। भीलवाड़ा के हर्षुल कोठारी ने कॉमर्स संकाय में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। विशेष बात यह रही कि इस बार सीबीएसई ने 12वीं कक्षा का परिणाम 10वीं के बाद जारी किया है। इससे पहले 10वीं का परिणाम 15 अप्रैल को घोषित किया गया था। बोर्ड ने इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया में ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली का उपयोग किया और 52 दिनों में परिणाम जारी कर दिए। हालांकि पिछले वर्ष बोर्ड ने 49 दिनों में ही परिणाम घोषित कर दिए थे।


