– सन्दूक से नकदी-जेवरात चोरी, करीब एक किलोमीटर दूर टूटा मिला सूटकेस, सदर पुलिस ने दर्ज किया मामला
हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के चक 36 एसएसडब्ल्यू में अज्ञात चोर की ओर से घर में घुसकर नकदी एवं सोने के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया है। चोर घर से 50 हजार रुपए नकद, सोने की चेन, अंगूठी व एक जोड़ी सोने के झुमके सहित अन्य सामान चोरी कर ले गया। वारदात के बाद चोरी किया गया सूटकेस घर से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे टूटा हुआ मिला। सदर थाना पुलिस अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार परिवादी सुखजन्ट सिंह (62) पुत्र आत्मा सिंह कुम्हार सिख निवासी वार्ड नंबर 9, चक 36 एसएसडब्ल्यू ने सदर पुलिस थाना में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 30 सितंबर की सुबह उसकी पत्नी अमरजीत कौर उठी तो घर का छोटा दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और सन्दूक खुला हुआ था। परिजनों ने सन्दूक संभाला तो उसमें रखे 50 हजार रुपए नकद, सोने की चेन, सोने की अंगूठी और एक जोड़ी सोने के झुमके गायब मिले। सन्दूक के ऊपर रखा अटैची-सूटकेस भी नहीं था और कपड़े बिखरे हुए थे। परिवार ने आसपास तलाश की तो घर से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे चोरी हुआ सूटकेस पड़ा मिला। उसका लॉक टूटा हुआ था और कपड़े बाहर बिखरे हुए थे। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात चोर 29 सितंबर से 30 सितंबर की मध्यरात्रि के दौरान मोटर साइकिल से आया और घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा। इसके बाद कमरे में रखे सन्दूक से नकदी व सोने के आभूषण चोरी कर लिए तथा सूटकेस भी अपने साथ ले गया। घटना की सूचना डबलीराठान चौकी पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।
