हनुमानगढ़। ईंट भट्ठों पर काम कर रहे मजदूरों को दूषित पानी मिलने की समस्या को लेकर गुरुवार को ईंट भट्ठा मजदूर यूनियन (सीटू) ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक ईंट भट्ठे पर करीब 200 से 300 मजदूर कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें जो पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है वह अत्यंत गंदा और अस्वास्थ्यकर है। इस दूषित पानी के सेवन से मजदूरों में उल्टी, दस्त और अन्य गंभीर बीमारियां फैल रही हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है। प्रार्थना पत्र में यूनियन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस गंभीर समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और संबंधित जलदाय विभाग को निर्देशित कर प्रत्येक ईंट भट्ठे पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यूनियन ने मांग की है कि कम से कम एक पानी का टैंकर नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए, ताकि मजदूरों और उनके परिवारों को साफ पानी मिल सके। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजदूरों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर यूनियन जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष रोहिताश शाक्य और जिला सचिव बलदेव सिंह मौजूद रहे।
