हनुमानगढ़। जंक्शन में सेक्टर स्थित श्री शिंगणापुर शनि धाम में हर वर्ष की भांति इस बार भी शनि जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को इस मौके पर जंक्शन धानमंडी से कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा को समाजसेवी अनिल गक्खड़, सुनील भाटी, अर्जुन विमल तथा शनि उपासक पंडित सुरेश भार्गव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के बीच सिर पर कलश धारण किए महिलाएं हाथों में ध्वज लेकर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। कलश यात्रा विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए सेक्टर 12 स्थित मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पंडित सुरेश भार्गव ने बताया कि शनि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भक्तों के सहयोग से भगवान शनिदेव का भंडारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सुबह हवन-यज्ञ तथा रात्रि में भगवान शनिदेव का जागरण होगा, जिसमें स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। कलश यात्रा के दौरान रिंकू भार्गव, गोविंद पंवार, भीम जावा, लोकेश नरूला, राजेंद्र कुमार, राहुल भार्गव, समीर भार्गव, रामगोपाल भार्गव, सनी तथा सुरेश निनानिया सहित अनेक श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाएं संभालीं।
