– बाइक पर सवार होकर दुकान के आगे रखी मूंग की बोरी उठाकर ले गए, पुलिस ने शुरू की जांच
हनुमानगढ़। टाउन की धान मंडी में आढ़त की दुकान के आगे रखी मूंग की बोरी चोरी होने का मामला सामने आया है। मोटर साइकिल पर सवार होकर आए दो व्यक्ति दुकान के आगे रखी मूंग की बोरियों में से एक बोरी उठाकर ले गए। चोरी की यह वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार लवप्रीत सिंह (34) पुत्र गुरदीप सिंह जटसिख निवासी गांव चंदड़ा पीएस जंक्शन ने थाने में रिपोर्ट दी। परिवादी ने बताया कि वह टाउन की धान मंडी में बाबा नानक ट्रेडिंग कम्पनी के नाम से आढ़त की दुकान करता है। 25 सितंबर को एक किसान मूंग लेकर आया था, जिसकी बोरियां दुकान के आगे रखी हुई थीं। रिपोर्ट के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे मोटर साइकिल पर दो व्यक्ति दुकान के आगे आए और वहां रखी बोरियों में से 60 किलो वजन की एक मूंग की बोरी उठाकर मोटर साइकिल पर रखकर ले गए। अगले दिन सुबह दुकान पर पहुंचने पर चोरी का पता चला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर दो व्यक्ति मोटर साइकिल पर मूंग की बोरी ले जाते हुए दिखाई दिए। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक राजवीर सिंह को सौंपी है। मामले में आरोपियों की पहचान एवं तलाश के लिए जांच की जा रही है।
