गोलूवाला। वृक्षमित्र एवं मानव सेवा संस्थान, गोलूवाला की आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नरेंद्र सुथार को आगामी दो वर्षों के लिए पुनः संस्थान का अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर संस्थान के सदस्यों ने उनके नेतृत्व, समर्पण एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए पुनर्नियुक्ति पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पिछले दो वर्षों के कार्यकाल में नरेंद्र सुथार के नेतृत्व में संस्थान ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, पक्षी संरक्षण, सामाजिक जागरूकता तथा मानव सेवा के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्य किए हैं। संस्थान द्वारा हजारों पौधों का रोपण एवं संरक्षण, परिंडे एवं घोंसले लगाने, पर्यावरण जागरूकता अभियानों के संचालन तथा समाजहित के विभिन्न कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए गए। हाल ही में संस्थान द्वारा प्रारंभ किए गए “वृक्षमित्र थैला जागृति अभियान” सहित विभिन्न नवाचारों को भी समाज में व्यापक सराहना मिली है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए सभी सदस्यों ने एकमत से नरेंद्र सुथार को पुनः अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। पुनर्नियुक्ति के पश्चात नरेंद्र सुथार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि संस्थान के प्रत्येक कार्यकर्ता, सदस्य एवं सहयोगी का है। उन्होंने आगामी वर्षों में और अधिक समर्पण, पारदर्शिता एवं सेवा भाव से कार्य करते हुए पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। इसमें बृजलाल छींपा एवं भागीरथ सुथार को संरक्षक, संजय कुमार को उपाध्यक्ष, मोहनलाल भोभरिया को सचिव, नरेश सिहाग को कोषाध्यक्ष, चन्द्रप्रकाश शर्मा को सहसचिव तथा राजविंदर सिंह एवं प्रेम कुमार वर्मा को सहकोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए समाज एवं पर्यावरण हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
