– शस्त्रागार, बैरक, मैस, जिम, लाइब्रेरी और एमटी शाखा का किया निरीक्षण- व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
हनुमानगढ़। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस लाइन पहुंचने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई तथा संचित निरीक्षक पुलिस लाइन मोनिका बिश्नोई ने पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस लाइन गार्ड ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जीडी परिसर, शस्त्रागार, गार्ड रूम, एचएम कार्यालय, मनोरंजन कक्ष, विविध कंपनी स्टोर, कैंटीन, घुड़शाला, एमटी शाखा, लाइब्रेरी, पुरुष एवं महिला बैरक, पुलिस मैस, अत्याधुनिक जिम, कम्युनिटी हॉल, घुड़सवारी अभ्यास स्थल और परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। शस्त्रागार में उन्होंने जिले में उपलब्ध हथियारों की स्थिति, सुरक्षित रखरखाव, वार्षिक फायरिंग, नियमित साफ-सफाई, मेंटेनेंस तथा रिकॉर्ड संधारण की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एचएम कार्यालय में रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए पुलिस लाइन की नफरी, ड्यूटी व्यवस्था और कार्यालय संचालन की समीक्षा की। विविध कंपनी स्टोर में दंगा एवं भीड़ नियंत्रण में उपयोग होने वाले सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और रखरखाव की जानकारी ली। वहीं कैंटीन का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को दी जा रही सुविधाओं, भुगतान व्यवस्था और पंजीकरण प्रक्रिया की समीक्षा की।

घुड़शाला में घोड़ों एवं घुड़सवारों की संख्या, प्रशिक्षण और रखरखाव का जायजा लिया। इसके बाद एमटी शाखा में पुलिस वाहनों, वज्र वाहन, वाटर कैनन और बंदी वाहन सहित अन्य वाहनों की स्थिति, रिकॉर्ड एवं रखरखाव की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। लाइब्रेरी में अध्ययनरत बच्चों से संवाद करते हुए एसपी ने उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुरुष एवं महिला बैरकों में आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता और मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा पुलिस मैस में भोजन की गुणवत्ता और डाइट व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसपी ने अत्याधुनिक जिम में उपलब्ध व्यायाम उपकरणों का भी अवलोकन किया। साथ ही कम्युनिटी हॉल, उसके परिसर, घुड़सवारी अभ्यास स्थल और परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उप निरीक्षक सुशील, आर्मोरर गुलाब सिंह, हवलदार मेजर विजेंद्र सहित पुलिस लाइन का संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।
