हनुमानगढ़। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने पदभार ग्रहण करने के बाद गुरुवार को गोगामेड़ी थाना क्षेत्र का दौरा किया और क्षेत्र की कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बहुचर्चित नेठराना प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गोगामेड़ी थाने पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक मीना को पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके बाद उन्होंने थाना परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नेठराना प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने मामले की जांच कर रही पुलिस टीम से विस्तृत जानकारी ली और जांच की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जांच को निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि प्रकरण का जल्द से जल्द खुलासा किया जा सके। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना बालक अभिषेक शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने परिजनों की बात भी गंभीरता से सुनी और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक ने बालक के विद्यालय पहुंचकर वहां के स्कूल स्टाफ से भी बातचीत की।

उन्होंने विद्यालय प्रशासन से बालक के बारे में जानकारी ली तथा घटना से संबंधित संभावित पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने स्कूल प्रबंधन को छात्रों की सुरक्षा और सतर्कता बनाए रखने की सलाह दी। गोगामेड़ी दौरे के समापन पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना प्रसिद्ध गोगामेड़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा पूर्वक दर्शन कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की।

उनके इस दौरे को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और महत्वपूर्ण प्रकरणों की गंभीरता से जांच सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
