हनुमानगढ़। जोधपुर विद्युत अधिकारी/कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर जिले के विभिन्न विद्युत कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर सरकार द्वारा प्रस्तावित निजीकरण के खिलाफ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जोधपुर डिस्कॉम स्तर से मिले निर्देशों के तहत यह विरोध प्रदर्शन किया गया। समिति ने बताया कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों के संयुक्त निर्णय के अनुसार निजीकरण के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। इसके तहत 25 से 27 मार्च 2026 तक कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। समिति ने आगे के आंदोलन की रूपरेखा भी घोषित की है। इसके तहत 7 अप्रैल 2026 को सहायक अभियंता कार्यालयों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं 15 अप्रैल 2026 को वृत्त स्तर पर अधीक्षण अभियंता के माध्यम से प्रदर्शन व ज्ञापन दिया जाएगा। इसके बाद 20 से 25 अप्रैल 2026 तक जनप्रतिनिधियों (सांसद/विधायक) के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। आंदोलन के अंतिम चरण में 30 अप्रैल 2026 को प्रबंध निदेशक कार्यालय (न्यू पावर हाउस) पर विशाल धरना-प्रदर्शन और महाघेराव किया जाएगा। आज हुए सांकेतिक विरोध प्रदर्शन में जिले के उपखंड हनुमानगढ़ वितरण व ग्रामीण, हनुमानगढ़ टाउन, पीलीबंगा, गोलूवाला, नोहर शहर व ग्रामीण, भादरा शहर व ग्रामीण, गोगामेड़ी, रावतसर, संगरिया शहर व ग्रामीण, टिब्बी सहित विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा सहायक भंडार नियंत्रक, मीटर, विजिलेंस, प्रोटेक्शन, सिविल और कार्मिक विभाग सहित अन्य शाखाओं के कर्मचारियों ने भी भाग लिया। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि जब तक प्रस्तावित निजीकरण का निर्णय वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
