ऐलनाबाद। क्षेत्र के ग्राम निमोद स्थित राजकीय अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश महला ने शनिवार को अपनी सेवाएं प्रारंभ कर दीं। उनके प्रथम दिवस पर ग्रामवासियों ने अस्पताल पहुंचकर माला व साफा पहनाकर उनका स्वागत और सम्मान किया। डॉ. महला के अस्पताल में कार्यभार संभालने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि अब हड्डी और जोड़ संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए दूरदराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर पूर्व उपसरपंच धर्मेंद्र भार्गव ने कहा कि गांव के राजकीय अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की बात है।

अब दुर्घटना, फ्रैक्चर और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं का इलाज गांव में ही संभव हो पाएगा, जिससे मरीजों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि डॉ. महला के आने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी डॉ. महला का स्वागत करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर की सेवाएं मिलना पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। इससे आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इस दौरान समस्त ग्रामवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर निर्धारित समय पर राजकीय अस्पताल निमोद पहुंचकर डॉक्टर से परामर्श लें तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस मौके पर गणेश अग्रवाल, सुनील शर्मा, रतनलाल जांगिड़, किशनलाल मुंड, पिंटू भार्गव, जेठूराम सौलेरा, सम्पत महर्षि और मोहन शाह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
