हनुमानगढ़। धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपों को लेकर विभिन्न धार्मिक संगठनों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद, गुरुद्वारा कलगीधर दरबार इंदिरा कॉलोनी टाउन और गुरुद्वारा गुरु नानकसर, प्रेमनगर टाउन के प्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर धार्मिक वैमनस्य फैलाने वाले कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 13 मार्च को टाउन में स्वयं को रामपाल का अनुयायी बताने वाले कुछ लोगों की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि इस कार्यक्रम में भगवान हनुमान, गुरु नानक देव सहित अन्य देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। स्थानीय लोगों ने मौके पर इसका विरोध भी किया तथा टाउन थाने में शिकायत दी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उसी कार्यक्रम के दौरान 15 मार्च को जंक्शन के लक्ष्मी नगर, संगरिया रोड स्थित अरिहंत भवन में एक और बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई है। संगठनों का कहना है कि ऐसे आयोजनों में धार्मिक टिप्पणियां की जाती हैं और कुछ पुस्तकों का वितरण भी किया जाता है, जिनमें देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी होती हैं। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि जिले में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दी जाए तथा आयोजकों को पाबंद किया जाए। उनका कहना है कि यदि ऐसे कार्यक्रमों को रोका नहीं गया तो जिले में कानून व्यवस्था बिगड़ने और धार्मिक वैमनस्य फैलने की आशंका बनी रहेगी। इस मौके पर विहिप प्रखंड मंत्री पृथ्वी गोदारा, बाबा जग्गा सिंह, जसवीर सिंह, बजरंग दल जिला सहसंयोजक एडवोकेट सुनील चाहर, विधि आयाम जिला सहसंयोजक एडवोकेट सुनील सुथार, धर्मप्रसार जिला प्रमुख नरेश सिहाग इत्यादि मौजूद रहे।
