हनुमानगढ़। सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रेरणा रस्तोगी तथा अशोक गौरी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके साथ ही ध्वजारोहण कर शिविर की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।

शिविर के प्रथम दिन छात्राओं को “स्वच्छता से निकालो”, “मेरा युवा भारत” तथा डिजिटल साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने छात्राओं को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन सेवाओं के महत्व तथा आधुनिक तकनीक के सही प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी संतोष जी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को समाज सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी छात्राओं को शिविर के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। सात दिवसीय इस विशेष शिविर के माध्यम से छात्राओं को सामाजिक, शैक्षणिक और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
