हनुमानगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के योग विभाग की ओर से विश्वविद्यालय के योग हॉल में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया। मुख्य अतिथि श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाकर जीवन में संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के डीन डॉ. अभिषेक संचोरा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति है, जो व्यक्तित्व विकास एवं स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। योग प्रशिक्षक अतुल बांगवाल ने छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। योग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका जोशी ने कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाती है। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योग यूजी डिप्लोमा की छात्रा नीतू की ओर से प्रस्तुत योग प्रदर्शन रहा। नीतू ने विभिन्न योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा, संतुलन, एकाग्रता और योग कौशल का परिचय दिया। इस मौके पर योग कार्यक्रम के सह-समन्वयक डॉ. कृष्णकांत नगरगोजे, अरविंद सिंह रावत भी मौजूद रहे।
