नोहर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को रियायती यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिंधी मंदिर, नोहर में स्मार्ट कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए, जिनकी मदद से वे राजस्थान रोडवेज की बसों में रियायती दरों पर आसानी से सफर कर सकेंगे। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने बताया कि स्मार्ट कार्ड व्यवस्था से यात्रियों को टिकट संबंधी प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच सकेगा। कार्यक्रम के दौरान ऐसे लोगों को भी प्रेरित किया गया, जिनके पास अभी तक स्मार्ट कार्ड नहीं हैं, ताकि वे आवेदन कर इसका लाभ उठा सकें। साथ ही नए स्मार्ट कार्ड बनाने के लिए आवेदन भी लिए गए। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सीबीओ विनोद बेनीवाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मोदी, सिंधी समाज के वरिष्ठ बाबा साहेब बुलचंद भागवानी, जिला महापंचायत के अध्यक्ष हरीश वाधवानी, सिंधी पंचायत अध्यक्ष रमेश वाधवानी, सिंधी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष टिकम मोटवानी, पूर्व सिंधी पंचायत अध्यक्ष सेवाराम मोटवानी, संयुक्त व्यापार संघ के सचिव सुशील सिपानी, मुकेश गिदवानी, हरबंस सहारण, ओमप्रकाश लालवानी सहित समाज के कई गणमान्य लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
