नोहर। जिला अंधता निवारण समिति के तत्वावधान में स्व. मोहनलाल जी थिरानी की 34वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार, 7 मार्च को नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन थिरानी परिवार, उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी समाज नोहर तथा आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय, गंगाशहर (बीकानेर) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह शिविर अग्रसेन भवन, नई अनाज मंडी के पास आयोजित होगा, जहां 7 मार्च को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक नेत्र रोगियों की जांच और भर्ती की जाएगी। शिविर में प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. आशीष जोशी अपनी सेवाएं देंगे और मरीजों की आंखों की जांच करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार शिविर में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का चयन किया जाएगा। चयनित मरीजों के ऑपरेशन 8 मार्च को आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय, बीकानेर में अत्याधुनिक तकनीक से बिना चीरे और बिना टांके के किए जाएंगे। मरीजों को अस्पताल तक लाने और वापस छोड़ने की व्यवस्था भी निशुल्क की जाएगी। शिविर में भर्ती होने वाले मरीजों को दवाइयां, चश्मे, भोजन, बिस्किट, चाय, दूध तथा बिस्तर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को अपने साथ पहचान पत्र और आधार कार्ड की फोटो कॉपी लाना अनिवार्य होगा। आयोजन को लेकर शुक्रवार को समिति के सदस्यों ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान रोटे. शशिमोहन मूंधड़ा, विजय कुमार थिरानी, रोटे. मनमोहन कल्याणी, सुशील कुमार थिरानी, रोटे. बालकिशन थिरानी, रोटे. महावीर प्रसाद मूंधड़ा, बिशम्बर पचीसिया, मांगीलाल बजाज, जुगल मड़दा, प्रेम प्रकाश चांडक, सुनील राठी और देवकीनंदन लखोटिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के जरूरतमंद नेत्र रोगियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। शिविर के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
