पीलीबंगा। महेश्वरी महिला मंडल पीलीबंगा द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत 25 मार्च को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर स्वर्गीय ओमप्रकाश मूंधड़ा की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सहयोग राजकीय जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक, हनुमानगढ़ टाउन का रहेगा। आयोजकों के अनुसार रक्तदान शिविर 25 मार्च 2026, बुधवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक महेश्वरी भवन, पिलीबंगा में आयोजित होगा। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। महेश्वरी महिला मंडल ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की है, ताकि जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहयोग मिल सके। इस आयोजन में मंडल की अध्यक्ष कुसुम मूंधड़ा, सचिव निर्मला चांडक तथा कोषाध्यक्ष कीर्ति बिहाणी सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि रक्तदान महादान है और इससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
