-टेल क्षेत्र के किसानों को अब मिलेगा बराबर सिंचाई पानी, ग्रामीणों ने प्रशासन का जताया आभार
श्रीगंगानगर। जिले के घड़साना क्षेत्र में सखी माइनर से जुड़े लंबे समय से लंबित किसानों के मुद्दे का रविवार को समाधान हो गया। न्यायालय द्वारा स्टे हटाए जाने के बाद सिंचाई विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माइनर के पांचों मोघों को दुरुस्त कर दिया, जिससे अब टेल क्षेत्र के किसानों को भी समान रूप से सिंचाई पानी मिल सकेगा। अनूपगढ़ एडीएम अशोक सांगवा ने बताया कि टेल क्षेत्र के किसान लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि माइनर के हेड के पास स्थित पांच मोघों से अधिक डिस्चार्ज होने के कारण टेल तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता था।

इससे उनकी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही थी। किसान पिछले एक वर्ष से अधिक समय से प्रशासन को ज्ञापन दे रहे थे, लेकिन मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण कार्रवाई पर रोक लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2026 को न्यायालय द्वारा स्टे हटाए जाने के बाद सिंचाई विभाग ने तुरंत कदम उठाते हुए समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई शुरू की।

जिला कलेक्टर डॉ. मंजू के निर्देशन में रविवार को सखी माइनर के पांचों मोघों को विभागीय मानकों के अनुसार बदलकर दुरुस्त कर दिया गया। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान घड़साना एसडीएम प्रिया बजाज, तहसीलदार घड़साना, सिंचाई विभाग के एक्सईएन, थाना रावला के एसएचओ सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
