-जयपुर में तेज रफ्तार बाइक कार से टकराई, मेडिकल कॉलेज के तीन छात्र घायल
जयपुर। शहर में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में पावर बाइक सवार तीन मेडिकल छात्र घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही बाइक सीधे कार से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल एक छात्र का इलाज वेंटिलेटर पर चल रहा है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना शनिवार रात करीब 1:30 बजे जेएलएन मार्ग स्थित जीटी पुलिया के पास हुई। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के छात्र समर, सुनील और देवांक पावर बाइक से कॉलेज से जवाहर सर्किल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक सवार तीनों छात्र कार में पीछे से जा भिड़े। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस ने तुरंत घायलों को सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती तीनों छात्रों में से समर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज वेंटिलेटर पर किया जा रहा है। वहीं छात्र सुनील की स्थिति भी नाजुक बताई गई है, जबकि देवांक की हालत फिलहाल स्थिर है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी के निर्देशन में चिकित्सकों की विशेष टीम तीनों घायलों का इलाज कर रही है। इस टीम में अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. राजेंद्र मांडिया और न्यूरोसर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अचल शर्मा सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। पुलिस ने घायलों से जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने में खड़ा करवा दिया है और हादसे में शामिल कार की तलाश शुरू कर दी है।
