सर्वधर्म प्रार्थना सभा में गूंजे एकता और भाईचारे के संदेश, प्रधानाचार्या निर्मला कुमारी ने किया ध्वजावतरण
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में चौधरी सूरजराम जाखड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीनगर के परिसर में आयोजित पांच दिवसीय द्वितीय एवं तृतीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या निर्मला कुमारी ने ध्वजावतरण कर शिविर का विधिवत समापन किया। शिविर में वीएम पब्लिक स्कूल टाउन, चौधरी सूरजराम जाखड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर एवं व्यापार मंडल बालिका स्कूल टाउन के कुल 54 स्काउट-गाइड विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। स्थानीय संघ के सचिव गुरजिंदर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती हैं। समापन से पूर्व सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक सद्भाव, आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। प्रार्थना सभा के दौरान शिविरार्थियों ने रामधुन, नामधुन, मुस्लिम धर्म प्रार्थना, सिख धर्म प्रार्थना, जैन धर्म प्रार्थना तथा ‘हर देश में तू, हर वेश में तू’ का सामूहिक गायन किया। विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं से विद्यालय परिसर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया। इस अवसर पर ट्रेनिंग काउंसलर योगमाया राठौड़, ट्रेनिंग काउंसलर भूपेन्द्र कौशिक, स्काउट मास्टर विनोद, गाइडर पूजा तथा शारीरिक शिक्षक हरीश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। पांच दिवसीय शिविर का समापन अनुशासन, सेवा, धार्मिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ हुआ।
