– कॉलोनीवासियों ने भाजपा युवा नेता अमित सहू से लगाई गुहार, अस्थायी पुलिस चौकी बनाने की मांग
हनुमानगढ़। जंक्शन में अबोहर मार्ग स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोग परेशान हैं। पिछले सप्ताह पांच दिन चोरी की घटनाएं हुईं, जिनमें कई वारदातें दिनदहाड़े हुईं। शनिवार को कॉलोनीवासियों ने भाजपा युवा नेता अमित सहू से मुलाकात कर समस्या से अवगत करवाया और अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। इस पर सहू ने पुलिस अधिकारियों से बात कर गश्त बढ़ाने का आग्रह किया। कॉलोनीवासी संदीप सहारण ने बताया कि चोरी की घटनाओं को लेकर जंक्शन पुलिस थाने में प्रार्थना पत्र देने के साथ जिला पुलिस अधीक्षक को भी समस्या से अवगत करवाया गया है। लगातार चोरियों के कारण लोगों को रातभर पहरा देना पड़ रहा है। दिन में अधिकांश मकान मालिक काम पर चले जाते हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने आशंका जताई कि आसपास के गांवों के नशे की प्रवृत्ति वाले कुछ युवक चोरी की वारदातों में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कुछ राजनेताओं पर ऐसे लोगों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। लोगों के अनुसार, गत दिनों गांव नवां के एक युवक को चोरी करते पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था, लेकिन आरोप है कि बाद में गांव नवां के एक सरपंच पद प्रत्याशी ने उसे छुड़वा लिया। कॉलोनीवासियों ने साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि समस्याओं के कारण लोगों को कॉलोनी छोड़ने तक की नौबत आ रही है। अमित सहू ने बताया कि उन्होंने जंक्शन थाना प्रभारी सहित पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात कर कॉलोनी में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके।
