हनुमानगढ़। न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर न्यू हाउसिंग बोर्ड वेलफेयर सोसायटी ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सोसायटी पदाधिकारियों ने कॉलोनी में कई घरों में चोरी की घटनाएं होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे कॉलोनीवासियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। सोसायटी पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के संबंध में सुरेशिया पुलिस चौकी में शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है और चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पाया है। वेलफेयर सोसायटी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। साथ ही चोरी की घटनाओं की शीघ्र एवं प्रभावी जांच करवाने, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच करवाने तथा दोषियों का पता लगाकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। सोसायटी ने न्यू हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में विशेष रूप से रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने और नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था करवाने की मांग की। कॉलोनीवासियों ने कहा कि पुलिस की प्रभावी गश्त से भविष्य में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा और कॉलोनीवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। वेलफेयर सोसायटी ने उम्मीद जताई कि पुलिस अधीक्षक मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करवाएंगे। इस मौके पर सोसायटी अध्यक्ष सुरेन्द्र सिल्लू, श्याम सुन्दर, कुलदीप, विकास कुमार, राकेश झाझड़ा सहित कई अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
