–कानून-व्यवस्था और निर्वाचित प्रत्याशियों पर दबाव बनाने को बनाएंगे प्रमुख मुद्दा
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद आम आदमी पार्टी अब आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में भी अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी की पूरी लीडरशिप का फोकस अब पंचायत चुनावों पर है और अधिक से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतारकर जीत हासिल करने की रणनीति बनाई जा रही है। यह बात आप के राजस्थान प्रदेश सह प्रभारी विकास बग्गा ने मंगलवार को हनुमानगढ़ आगमन के दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत में कही। विकास बग्गा ने कहा कि आम आदमी पार्टी राजस्थान में पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। निकाय चुनावों में भी पार्टी ने अपना खाता खोला है। आप ने बारां नगर परिषद में स्पष्ट बहुमत हासिल कर अपना बोर्ड बनाया, जबकि पूरे राजस्थान में पार्टी ने कुल 42 वार्डांे में जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि पहली बार आम आदमी पार्टी नगर निकाय चुनावों में उतरी और उम्मीद से बढ़कर सफलता हासिल की। इसी परिणाम को देखते हुए अब पार्टी आगामी पंचायती राज चुनावों पर विशेष ध्यान दे रही है। इस बार अधिक से अधिक प्रत्याशियों को मैदान में उतारने और ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बग्गा ने कहा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आगामी चुनावों में यह आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि चुनाव के समय विपक्षी दलों पर दबाव बनाने, उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाने तथा गिरफ्तारियां करवाने जैसे हथकंडे अपनाए जाते हैं। निर्दलीय या अन्य दलों के प्रत्याशी चुनाव जीतते हैं तो उन पर दबाव बनाकर उन्हें अपने पक्ष में करने और अपना बोर्ड बनाने का प्रयास किया जाता है। बग्गा ने कहा कि हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर भी निकाय चुनाव के बाद इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। पार्टी इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और इन्हीं के आधार पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में आगामी समय में होने वाले सभी चुनाव आम आदमी पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप के प्रदेश सचिव एवं जिला चुनाव प्रभारी राजवीर माली, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल और सचिन कौशिक भी मौजूद रहे।
