– महंगाई, किसान, पानी और नगर निकाय के मुद्दों को बनाया चुनावी आधार, बसंत सिंह बोले- जनता के संघर्षों को लेकर मैदान में उतरेगी पार्टी
हनुमानगढ़। आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की मंगलवार को आयोजित बैठक में चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी ने हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति के छह ब्लॉकों, हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति के दो ब्लॉकों तथा जिला परिषद के एक जोन से अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया। बैठक में महंगाई, किसान, पानी सहित स्थानीय मुद्दों को चुनाव का प्रमुख आधार बनाने पर भी चर्चा हुई। माकपा नेता बसंत सिंह ने बताया कि पार्टी के तहसील सचिव मंडल की बैठक में आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और इन्हीं मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई का मुद्दा हो, किसानों के घर कुर्क करने का मामला हो या पानी की समस्या, माकपा लगातार इन मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने नगर निकाय चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता के जनमत के बाद नगर परिषद में निर्दलीयों का बोर्ड बनाने में माकपा की अहम भूमिका रही है। बसंत सिंह ने बताया कि हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में ब्लॉक नंबर 6, 7, 8, 9, 10 और 18 से पार्टी अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी। वहीं हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति में ब्लॉक नंबर 4 और 6 से प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में जोन नंबर 31 से भी माकपा अपना प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। बसंत सिंह ने कहा कि जनता के संघर्षों में माकपा की लगातार भागीदारी रही है। पार्टी ने जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच संघर्ष किया है, उन्हीं मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता चुनाव में माकपा का समर्थन करेगी। बैठक में आत्मा सिंह और बहादुर सिंह चौहान सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
