- जिला परिषद और सभी पंचायतों के लिए आयोजित हुए प्रबोधन कार्यक्रम, नामांकन से लेकर आचार संहिता तक की दी जानकारी
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले की जिला परिषद और सभी पंचायत समितियों के लिए प्रत्याशी प्रबोधन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जिला परिषद सदस्यों तथा हनुमानगढ़ जंक्शन और टाउन पंचायत समितियों के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भू-अभिलेखागार में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इसमें बड़ी संख्या में भावी पंचायत प्रत्याशियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को निर्वाचन प्रक्रिया, चुनाव संबंधी नियमों और पंचायत व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देकर जागरूक करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स ने प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और निर्वाचन विभाग के दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षण में प्रत्याशियों की पात्रता, नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्वाचन संबंधी नियम, आदर्श आचार संहिता तथा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के दायित्वों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से संपन्न करवाने के लिए निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिम्मेदारीपूर्वक भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। अधिकारियों ने चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों का अधिकाधिक प्रसार करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में नियमों की पालना सुनिश्चित करने का संदेश दिया। भू अभिलेखागार में आयोजित कार्यक्रम में रिटर्निंग अधिकारी श्री श्याम सुंदर सहित मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।
