हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से सोमवार को टाउन की अल्फा सिटी स्थित पार्क में महावीर इंटरनेशनल वीरा ग्रुप की ओर से परिंडा लगाओ अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत पार्क में पेड़ों पर परिंडे बांधकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई तथा क्षेत्रवासियों को भी अपने घरों व आसपास परिंडे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जीव सेवा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कंचन गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण समाज की साझा जिम्मेदारी है। बढ़ती गर्मी में पक्षियों के सामने पानी का संकट गहराता जा रहा है, ऐसे में हर व्यक्ति यदि अपने घर, पार्क या सार्वजनिक स्थान पर एक परिंडा लगाए और नियमित रूप से उसमें पानी भरे तो असंख्य पक्षियों को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने इसे केवल सेवा नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मानवीय संवेदनशीलता से जुड़ा अभियान बताया। अल्फा सिटी पार्क में आयोजित इस अभियान के दौरान महिलाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए पेड़ों पर परिंडे बांधे और पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डिम्पल पारीक, मीनाक्षी साहू, गिन्नी मदान, अंशु ऐलानी, ममता मित्तल, नीलम सक्सेना, दीपिका जैन, प्रेक्षा बांठिया, साक्षी बैद, कोमल मुरजानी, रमन गुप्ता एवं उमेश सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने नियमित रूप से परिंडों में पानी भरने और अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का संकल्प लिया।
