– 5 से 8 नवम्बर तक सजेगा अस्थाई पटाखा बाजार, जंक्शन और टाउन सहित छह स्थानों पर लगेंगी दुकानें
हनुमानगढ़। दीपावली के मद्देनजर अस्थाई पटाखा दुकानों के लाइसेंस आवंटन के लिए बुधवार को टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय के सभागार में लॉटरी निकाली गई। जंक्शन, टाउन, डबलीराठान, रोड़ांवाली, धोलीपाल और पक्कासारणा में अस्थाई पटाखा बाजार लगाने के लिए कुल 816 आवेदन प्राप्त हुए थे। लॉटरी प्रक्रिया के बाद 473 दुकानों का आवंटन किया गया तथा चयनित आवेदकों को तुरंत लाइसेंस जारी कर दिए गए। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता मेघराज ने बताया कि उपखंड अधिकारी के निर्देशानुसार प्राप्त आवेदनों की लॉटरी निकाली गई। इसमें जंक्शन के लिए 349 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 180 दुकानों का आवंटन किया गया। इसी प्रकार टाउन के लिए प्राप्त 411 आवेदनों में से 235 दुकानों की लॉटरी निकाली गई। डबलीराठान में 19 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 19 आवेदकों को दुकानें आवंटित की गईं। रोड़ांवाली में पांच तथा धोलीपाल में चार आवेदन प्राप्त हुए और सभी आवेदकों को दुकानें आवंटित की गईं। वहीं, पक्कासारणा में 31 आवेदनों में से लॉटरी के जरिए 30 दुकानों का आवंटन किया गया। उन्होंने बताया कि अस्थाई पटाखा बाजार 5 नवम्बर से 8 नवम्बर तक संचालित होंगे। जंक्शन में गांधीनगर अंडरपास के पास स्थित डीईओ कार्यालय परिसर में तथा टाउन में नेहरू पार्क के नजदीक और अल्फा सिटी के पास पटाखा दुकानें लगाई जाएंगी। पटाखा बाजारों में सुरक्षा के दृष्टिगत नगर परिषद की ओर से अग्निशमन वाहन तैनात रहेगा। इसके अलावा यातायात व्यवस्था और पुलिस जाप्ते की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि पटाखा खरीदने आने वाले लोगों को परेशानी न हो और बाजारों में सुरक्षा बनी रहे।
